भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम घोषित, दिल्ली से रिकॉर्ड 10 नेताओं को मिली जगह, बीएल संतोष और सुनील बंसल का पद बरकरार

Share

- Advertisement -

Delhi News: भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में दिल्ली से सबसे अधिक 10 नेताओं को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। संगठन में बीएल संतोष को फिर से राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बनाया गया है। वहीं सुनील बंसल को भी राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर बरकरार रखा गया है।

पार्टी ने पूर्व मेयर जय प्रकाश (जेपी) को राष्ट्रीय मंत्री बनाया है। लंबे समय से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे जय प्रकाश को उनके बेहतर काम के दम पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि बीजेपी ने जेपी को राष्ट्रीय मंत्री बनाकर दिल्ली में ओबीसी वर्ग को साधने की कोशिश की है।

- Advertisement -

राष्ट्रीय टीम में संघ के वरिष्ठ नेता राम माधव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष और डीडीए सदस्य राजीव बब्बर को नॉर्थ-ईस्ट का सह संयोजक नियुक्त किया गया है। पंजाबी समाज से आने वाले राजीव बब्बर का उपयोग पार्टी चुनावी प्रबंधन के लिए करती रही है।

हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक को भी राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। संदीप पाठक को आम आदमी पार्टी का मुख्य रणनीतिकार माना जाता था। उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

दिल्ली से राष्ट्रीय टीम में शामिल किए गए दस प्रमुख पदाधिकारियों की सूची इस प्रकार है:

  • राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: राम माधव
  • राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन): बीएल संतोष
  • राष्ट्रीय महामंत्री: सुनील बंसल
  • राष्ट्रीय मंत्री: जय प्रकाश, डॉ. संदीप पाठक, डॉ. स्वदेश सिंह
  • नॉर्थ-ईस्ट सह संयोजक: राजीव बब्बर
  • मीडिया सह संयोजक: प्रदीप भंडारी, सिद्धार्थ यादव
  • सोशल मीडिया सह संयोजक: शिवानंद द्विवेदी

बीजेपी आलाकमान का मानना है कि इन अनुभवी नेताओं की नियुक्तियों से पार्टी के सांगठनिक ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सभी नेता बीजेपी के राजनीतिक मिशन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। यह नई टीम आगामी चुनावों में रणनीति बनाने का काम भी करेगी।

- Advertisement -
Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News