Mandi News: पुलिस थाना सदर के नजदीक एक 62 वर्षीय व्यक्ति ने कर्ज और मानसिक तनाव से तंग आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान दबारडू गांव निवासी राजपाल के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें भारी कर्ज के चलते यह आत्मघाती कदम उठाने की बात कही गई है।
मंगलवार सुबह सैर पर निकले स्थानीय युवाओं ने सड़क किनारे पेड़ से शव लटकता देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। परिजनों ने बयानों में बताया कि राजपाल लंबे समय से भारी आर्थिक संकट और मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे थे।
करीब 25 लाख रुपये का था कर्ज, पहले भी रहते थे लापता
जांच में सामने आया कि राजपाल पर बैंक और अन्य लोगों का करीब 25 लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने में असमर्थ होने के कारण वह काफी परेशान रहते थे। परिजनों के अनुसार वह पहले भी कई बार मोबाइल बंद कर बिना बताए घर से चले जाते थे, लेकिन कुछ दिनों बाद वापस लौट आते थे।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि यह घटना मंगलवार तड़के करीब तीन बजे घटी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।