Mandi News: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू की टीम ने मंडी जिले के थाची-पंजाई क्षेत्र में अवैध भांग की खेती का बड़ा पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एसटीएफ ने मौके पर उगे 2 लाख से अधिक भांग के पौधों को नष्ट कर दिया है।
एसटीएफ कुल्लू को मंडी जिला के थाची-पंजाई इलाके में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से भांग उगाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही स्पेशल टास्क फोर्स की एक विशेष टीम को तुरंत थाची क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाने के लिए भेजा गया।
इलाके में तलाशी के दौरान बूंग नामक स्थान पर कायल के पेड़ों के बीच करीब 2.5 बीघा निजी जमीन पाई गई। यहां 5-6 सीढ़ीनुमा खेतों में अवैध रूप से भांग उगाई गई थी। गिनती करने पर मौके पर 2 लाख से ज्यादा पौधे मिले, जिन्हें टीम ने नष्ट कर दिया।
इस पूरे मामले में मंडी जिले के औट पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जमीन की सरकारी निशानदेही पूरी होने के बाद ही जमीन के असली मालिक की पहचान होगी, जिसके बाद आरोपी पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसटीएफ कुल्लू अब तक करीब 11 बीघा सरकारी और निजी जमीन पर उगे 10 लाख से अधिक अवैध भांग के पौधों को नष्ट कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों और अवैध खेती के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।