Mumbai News: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस की जांच लगातार तेज हो रही है। अधिकारियों ने अंधेरी के उस होटल रूम को सील कर दिया है, जहां तीन मुख्य आरोपी रुके हुए थे। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम मामले की गहन जांच में जुटी है।
क्राइम ब्रांच इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने घटना से पहले किसी अज्ञात जगह पर फायरिंग की प्रैक्टिस की थी। जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस टीम आरोपियों को मौके पर ले जाकर पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट करने की तैयारी में है, ताकि सच सामने आ सके।
आरोपियों को 26 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया
मामले में पकड़े गए चार आरोपियों को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट (किला कोर्ट) में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत में दलील दी कि यह हमला फरार आरोपी अनिल पंडित के इशारे पर हुआ था। पुलिस ने 31 अक्टूबर तक रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने चारों को 26 अक्टूबर तक कस्टडी में भेजा।
इन सभी आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद अदालत में लाया गया था। यह हमला 18 अक्टूबर की शाम जुहू में हुआ था, जब एक्टर एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे। गोलीबारी में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं।
फर्जी खबरों और एआई वीडियो पर टीम की सख्त चेतावनी
इधर, टाइगर श्रॉफ की आधिकारिक टीम ने सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी खबरों, बिना इजाजत बयानों और एआई वीडियो पर कड़ा ऐतराज जताया है। टीम ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे किसी भी खबर को चलाने से पहले उसकी पूरी पुष्टि जरूर कर लें।
टीम ने साफ किया कि गलत कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी एक्शन लिया जाएगा। ‘टीम टाइगर’ ने स्पष्ट किया कि फायरिंग की घटना को लेकर अभिनेता ने कोई बयान या वीडियो जारी नहीं किया है। उन्होंने किसी भी बातचीत के लिए किसी को अधिकृत नहीं किया है।