Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में दो अलग-अलग मामलों में एक नाबालिग लड़की और एक महिला के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर बहला-फुसलाकर भगाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पहला मामला निरमंड थाना क्षेत्र का है, जहां एक नेपाली मूल के व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि 30 जुलाई की शाम जब वह और उसकी पत्नी काम से लौटे, तो उनकी 12 वर्षीय बेटी क्वार्टर से गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद अज्ञात पर मामला दर्ज हुआ।
पारिवारिक विवाद के बाद रह रही महिला सरवरी से लापता
दूसरा मामला बंजार थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां ऑनलाइन पोर्टल के जरिए मिली जीरो एफआईआर के आधार पर केस दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक वर्ष 2022 से उसकी पत्नी घरेलू विवाद के चलते बच्चों को छोड़कर कुल्लू के सरवरी इलाके में रह रही थी।
पति को हाल ही में पता चला कि उसकी पत्नी पिछले 15-20 दिनों से वहां से भी लापता है। ढालपुर और सुल्तानपुर सहित कई जगहों पर तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों ही मामलों में टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।