हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में पुलिस टीम पर हमला, भीड़ ने नशा तस्करी के आरोपियों को छुड़ाया

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस टीम पर हमला करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. लगवैली के जकरेहड़ में चरस जब्त करने पहुंची पुलिस टीम से भीड़ ने नशा तस्करी के आरोपियों को जबरन छुड़ा लिया. इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.

यह घटना 17 अक्तूबर की है, जब गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम कार्रवाई करने के लिए मौके पर पहुंची थी. तलाशी के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों से चरस बरामद की थी. लेकिन कार्रवाई के दौरान गांव की महिला प्रधान, उसके पति और उपप्रधान समेत दर्जनों स्थानीय लोग वहां आ धमके.

भीड़ का हमला और नशा तस्करों को भगाने की वारदात

आरोप है कि करीब 30 से 40 लोगों की उग्र भीड़ ने पुलिस टीम और स्वतंत्र गवाह पर अचानक हमला कर दिया. इसके बाद भीड़ आरोपियों, उनके बैग और जब्त की गई चरस को जबरन अपने साथ छुड़ा ले गई. हालांकि, धक्का-मुक्की और छीनाझपटी के दौरान सड़क पर गिरी 508 ग्राम चरस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति पैदल कुल्लू की ओर चरस लेकर आ रहे हैं. जब पुलिस ने उन्हें देखा तो आरोपी भागने लगे, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया था. अब पुलिस ने एनडीपीएस कानून और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत ग्राम प्रधान सहित कई अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है.

नशा तस्करी के खिलाफ हिमाचल सरकार की सख्त कार्रवाई

हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान एनडीपीएस कानून के तहत 5,642 मामले दर्ज किए गए हैं. इन कार्यवाहियों में 8,250 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया. इस नेटवर्क में शामिल 139 सरकारी कर्मचारियों पर भी गाज गिरी, जिनमें राज्य सरकार के 15 और पुलिस विभाग के 22 कर्मियों को बर्खास्त किया जा चुका है.

राज्य में एजेंसियां नशा तस्करी में बार-बार शामिल रहने वाले गिरोहों, संगठित आपूर्ति श्रृंखला और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पर कड़ी नजर रख रही हैं. पंचायत स्तर पर नशा तस्करी नेटवर्क की पहचान करने और स्थानीय निगरानी प्रणाली को मजबूत करने के ठोस प्रयास जारी हैं. पीआईटी-एनडीपीएस कानून के तहत 46 तस्करों को निरुद्ध कर 46 करोड़ की संपत्ति जब्त हुई.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News