Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आनी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डूघा गांव में बुजुर्ग दंपति के साथ उनके ही बेटे और बहू द्वारा मारपीट की गई। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डूघा गांव के निवासी बरदु राम ने थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दिन उनके छोटे बेटे मोहर सिंह और बहू कली देवी ने उनके और उनकी पत्नी रूप दासी के साथ गाली-गलौज करते हुए बुरी तरह मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं।
बुजुर्ग दंपति की शिकायत पर आरोपियों को थाना तलब किया
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि बेटे और बहू के इस हिंसक व्यवहार से वे दोनों काफी डरे हुए हैं। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बुजुर्ग माता-पिता के साथ हुए इस दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की है और उचित कार्रवाई की मांग की है।
आनी थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।