Bahadurgarh News: बहादुरगढ़ के पास कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मांडोठी गांव के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई। वहीं 24 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पिकअप से निकालकर बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन मरीजों की गंभीर हालत देखकर प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
राजस्थान के गोगामेड़ी धाम से लौट रहे थे सभी श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के संभल जिले स्थित चंदौसी निवासी श्रद्धालु राजस्थान के गोगामेड़ी धाम दर्शन करने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग पिकअप गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। मांडोठी गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घायल श्रद्धालुओं ने बताया कि उनकी गाड़ी सामान्य गति से चल रही थी। तभी पीछे से आ रहे कैंटर चालक ने लापरवाही से टक्कर मारी और वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।