Jind News: हरियाणा के जींद स्थित नागरिक अस्पताल (सिविल अस्पताल) के इमरजेंसी वार्ड में मरीज के साथ हुई मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी (FIR) में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर का नाम शामिल किए जाने के विरोध में हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज (HCMS) एसोसिएशन लामबंद हो गई है। एसोसिएशन ने प्रशासनिक अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि डॉक्टर का नाम एफआईआर से नहीं हटाया गया, तो बुधवार शाम 4 बजे से जिले के सभी सरकारी डॉक्टर पुलिस और प्रशासन से जुड़े कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
मंगलवार को एचसीएमएस एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जींद की उपायुक्त (DC) डॉ. वैशाली शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमित भाटिया से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि मरीज द्वारा दुर्व्यवहार और अपशब्द कहे जाने के बावजूद संबंधित डॉक्टर ने संयम बरतते हुए उसका विधिवत उपचार किया था। ऐसे में डॉक्टर पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी सराहना होनी चाहिए।
डॉक्टर की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप
एसोसिएशन के प्रदेश सचिव डॉ. विजेंद्र ढांडा, डॉ. राजेश भोला और डॉ. आर.एस. पूनिया ने प्रशासन के समक्ष पक्ष रखते हुए कहा कि घटना के दिन मरीज ने ड्यूटी डॉक्टर को गालियां दी थीं। इसके बाद डॉक्टर की ओर से मरीज के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उस शिकायत पर कोई कदम नहीं उठाया। इसके विपरीत, डॉक्टर का नाम ही एफआईआर में घसीट लिया गया। एसोसिएशन ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए डॉक्टर की शिकायत पर भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
सुरक्षा गार्ड पर दर्ज हुई एफआईआर
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह रोहतक रोड निवासी सन्नी नामक युवक के साथ सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मारपीट की घटना सामने आई थी। आरोप है कि सीटी स्कैन सेवाएं प्रदान करने वाली मणिपाल हेल्थकेयर कंपनी के सुरक्षा गार्ड कपिल शर्मा ने मरीज के साथ गंभीर रूप से मारपीट की और उसे घसीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा भी अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी।
घटना के कई दिन बाद पुलिस ने आरोपी सुरक्षा गार्ड कपिल शर्मा को नामजद करते हुए कुछ अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जाएगी।
नगराधीश की जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें
इस संवेदनशील मामले में अब सबकी नजरें नगराधीश (City Magistrate) मोनिका की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए थे और इमरजेंसी वार्ड के सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच की थी। नगराधीश की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उस दिन इमरजेंसी वार्ड में असल में क्या हुआ था और प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।