Indore News: इंदौर के हीरा नगर क्षेत्र में आयोजित कांकेश्वरी गरबा उत्सव में 15 वर्षीय किशोरी से अभद्रता का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष कमल चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धारा 74 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।
यह विवाद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 के हीरा नगर थाना क्षेत्र में स्थित गरबा स्थल पर हुआ। 15 साल की किशोरी गरबा पंडाल में प्रवेश कर रही थी, तभी एंट्री को लेकर विवाद शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नेता और किशोरी के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
वीडियो में आरोपी नेता किशोरी को बाहर जाने के लिए कहता और धक्का देता नजर आ रहा है। वहीं पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और बयानों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
मामले के तूल पकड़ते ही बीजेपी संगठन ने भी कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर कमल चौहान को कार्यालय तलब किया गया। इंदौर शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि वे इस वीडियो की आंतरिक जांच करा रहे हैं और पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी।
गरबा स्थल पर पहुंचे थे मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने साधा निशाना
कथित घटना के कुछ ही घंटों बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव उसी गरबा पंडाल में कन्या पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद कांग्रेस ने सत्ता पक्ष को घेरते हुए सवाल उठाए। विपक्षी नेताओं का कहना है कि एक तरफ बच्चियों का पूजन हो रहा था, वहीं दूसरी तरफ नाबालिग बेटी से अभद्रता की गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
