हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती: लिखित परीक्षा अब ऑनलाइन की बजाय होगी ऑफलाइन, कैबिनेट ने दी मंजूरी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में नियमों में ढील देते हुए लिखित परीक्षा को ऑनलाइन (सीबीटी) की बजाय ऑफलाइन आयोजित करने की मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए पुलिस कांस्टेबल भर्ती नियमों के रूल 11 में सिर्फ एक बार के लिए छूट दी गई है।

प्रदेश में कुल 734 कांस्टेबल पदों के लिए एक लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया है। इनमें 72,586 पुरुष और 28,476 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इन पदों में 491 पद पुरुष कांस्टेबल और 243 पद महिला कांस्टेबल के लिए निर्धारित हैं। वर्तमान में इन पदों के लिए शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की जा रही है।

क्यों लिया गया ऑफलाइन परीक्षा का फैसला?

वर्तमान में लोक सेवा आयोग ऑनलाइन परीक्षा का संचालन नहीं कर रहा है, जिसके चलते आयोग की ओर से इस संबंध में पुलिस विभाग को आग्रह भेजा गया था। इसके बाद पुलिस महानिदेशक (DGP) के स्तर से यह मामला गृह विभाग को भेजा गया और अंततः कैबिनेट ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।

कब तक चलेंगे ग्राउंड टेस्ट और आगे की प्रक्रिया?

पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता और मानक परीक्षण की प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है, जो आगामी 5 दिसंबर तक चलेगी। ग्राउंड टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोक सेवा आयोग द्वारा लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह लिखित परीक्षा केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए होगी जो शारीरिक दक्षता परीक्षा को पास करेंगे।

राज्य सरकार ने इस बार इस भर्ती प्रक्रिया में कई अहम बदलाव किए थे, जिसमें आयु सीमा में छूट देना भी शामिल था। इसी पूरी प्रक्रिया के बीच नियमों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का प्रावधान जोड़ा गया था, जिसे अब प्रशासनिक और व्यावहारिक कारणों से एक बार के लिए शिथिल कर दिया गया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News