Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है। प्रसिद्ध ज्वालामुखी शक्तिपीठ में व्यवस्थाओं के नाम पर ठेकेदारों से कमीशन मांगने के आरोप में एसडीओ शमशेर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने प्राथमिक जांच के बाद यह कड़ा कदम उठाया है।
ज्वालामुखी के एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक पीड़ित ठेकेदार ने उनके सामने लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मंदिर परिसर में टेंट, सजावट और फूलों से जुड़े कार्यों की एवज में संबंधित अधिकारी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की गई। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि आरोपी एसडीओ शमशेर सिंह यहां डेप्यूटेशन पर तैनात थे। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने अधिकारी को किए गए ऑनलाइन यूपीआई ट्रांजेक्शन के पुख्ता सबूत भी पेश किए। डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड ने अधिकारी की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
जांच रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोपों को बेहद गंभीर पाया गया। इसके बाद एसडीएम ज्वालामुखी ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश जिलाधीश कांगड़ा से की थी। इस सिफारिश के आधार पर कांगड़ा के डीसी हेमराज बैरवा ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी एसडीओ को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।