रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: पोते ने दोस्त संग मिलकर रिटायर्ड नौसैनिक दादा के खाते से उड़ाए 29.50 लाख रुपये

Share

- Advertisement -

New Delhi News: जिस पोते पर बुढ़ापे में अपने दादा का सहारा बनने की जिम्मेदारी थी, उसी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर उनके बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये से अधिक की रकम साफ कर दी। पूर्वी दिल्ली की साइबर थाना पुलिस ने भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त 87 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी करने के आरोप में उनके 22 वर्षीय पोते अभिषेक राघव और उसके दोस्त तुषार चौधरी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि पोते ने अपने दादा के बैंक खाते की गोपनीय जानकारी और पंजीकृत मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच इस ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ठगी के पैसों से खरीदी गई एक पोलो कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बैंक खातों की जांच से खुला ठगी का राज

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि अश्वनी राघव की शिकायत पर पूर्वी जिले के साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच संदिग्ध तरीके से बड़ी रकम निकाली गई है। पुलिस जांच में कुल 29,50,892 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

साइबर थाना पूर्वी के एसएचओ इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में एएसआई शिव कुमार, हेड कांस्टेबल अनुराग और योगेश की टीम ने बैंक खातों, केवाईसी दस्तावेजों और डिजिटल लेनदेन की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 9,26,892 रुपये अभिषेक राघव के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार चौधरी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों आरोपितों को दबोच लिया।

एलएलबी और नर्सिंग के छात्र हैं दोनों आरोपित

पुलिस पूछताछ में पता चला कि 22 वर्षीय अभिषेक राघव शिकायतकर्ता का बेटा और पीड़ित बुजुर्ग का पोता है। वह उत्तर प्रदेश के खुर्जा से बीए-एलएलबी (BA-LLB) की पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि उसने अपने दोस्त 22 वर्षीय तुषार चौधरी के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। तुषार भी खुर्जा से नर्सिंग का कोर्स कर रहा है।

ठगी की रकम से की महंगी यात्राएं और खरीदी कार

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपितों ने ठगी के पैसों से जमकर मौज-मस्ती की। उन्होंने इस रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की महंगी यात्राएं कीं और नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां भी कीं।

इसके अलावा, आरोपितों ने ठगी के पैसों से 2.75 लाख रुपये में एक सेकंड-हैंड पोलो कार खरीदी और उसमें 1.25 लाख रुपये का महंगा म्यूजिक सिस्टम लगवाया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है और अब शेष रकम की बरामदगी तथा मामले में संलिप्त अन्य संभावित आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News