शिलाई गोलीकांड की गुत्थी सुलझी, रंजिश के चलते हुई हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: सिरमौर जिले के शिलाई थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर हुई फायरिंग और एक भाई की मौत के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) ने मुख्य आरोपी विनोद (निवासी गांव कथयाड, तहसील शिलाई) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी बहन को भगाने की रंजिश का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।

सिरमौर जिले के शिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर हुए हमले में एक भाई की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस की विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए मंगलवार को मुख्य आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह (निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई) को गिरफ्तार कर लिया है।

बहन को भगाने की रंजिश में रची गई हत्या की साजिश

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में इस हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक खजान सिंह के बेटे रोहित ने आरोपी विनोद की बहन को घर से भगाया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी रंजिश रखे हुए था। आरोप है कि बेटे के इस कदम का बदला लेने के लिए विनोद ने सुनियोजित साजिश रची और मौका पाकर खजान सिंह व उनके भाई पर हमला कर दिया।

10 नवम्बर को हुई थी फायरिंग की घटना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती 10 नवम्बर को रविन्द्र सिंह पुत्र खयाली राम (निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, तहसील ददाहू) ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 7:20 बजे वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर गांव चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहे थे।

इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी तेज आवाज हुई और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे खजान सिंह नीचे गिर गए। घर पहुंचकर जब रविन्द्र सिंह ने अपने हेलमेट की जांच की, तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला और अंदर से चांदी के रंग की धातु का एक टुकड़ा (गोली) बरामद हुआ। हमले में रविन्द्र के सिर और पीठ पर भी चोटें आईं, जबकि उनके भाई खजान सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

एसआईटी और फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिलाई पुलिस ने 11 नवम्बर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। मौके पर एसएफएसएल जुन्गा की फोरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। एसपी सिरमौर और एसडीपीओ पांवटा साहिब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामले की गहन जांच के लिए एसडीपीओ मानवेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किया जा सके और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच हो सके।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ मानवेंद्र सिंह ठाकुर के साथ थाना प्रभारी एसआई महिपाल सिंह, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार, एचएचसी अजमेर अली, आरक्षी अनिल कुमार, साइबर सेल नाहन से मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी राजेन्द्र सिंह, रोबिन कल्याण, आरक्षी नरेन्द्र चौहान और रोशन लाल की मुख्य भूमिका रही।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News