Nurpur News: हिमाचल प्रदेश के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) धर्मशाला की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के एक उपनिरीक्षक (एसआई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित अधिकारी की पहचान भजन जरयाल के रूप में हुई है, जो पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत सदवां चौकी में प्रभारी के पद पर तैनात है।
केस में रद्दीकरण रिपोर्ट तैयार करने के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, नूरपुर तहसील के निवासी गौरव सिंह ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में रद्दीकरण रिपोर्ट (कैंसलेशन रिपोर्ट) तैयार करने में मदद करने के बदले एसआई भजन जरयाल उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता गौरव सिंह के मुताबिक, आरोपित पुलिस अधिकारी ने शुरुआत में इस काम के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में आपसी बातचीत के बाद यह सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।
जाल बिछाकर मौके से बरामद की रिश्वत की राशि
शिकायत प्राप्त होने के बाद धर्मशाला स्थित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर आरोपित को पकड़ने के लिए सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने एसआई भजन जरयाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया और मौके पर ही उनके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।
इस संबंध में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस थाना धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार पुलिस अधिकारी को हिरासत में ले लिया गया है और विजिलेंस टीम द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।