Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियारंगी गांव निवासी शंकर सिंह की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मृतक के सगे बहनोई चंदन कुमार भोक्ता ने ही धनबाद के बसहा जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी।
घटना के लगभग एक महीने बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से युवक का कंकाल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग बताई जा रही है।
पत्थर से कूचकर और गमछे से घोंटा था गला
जानकारी के अनुसार, आरोपी चंदन भोक्ता बीते 20 जून को अपने साले शंकर सिंह को धनबाद ले जाने के बहाने घर से निकला था। वह उसे टुंडी के बसहा जंगल ले गया, जहां पत्थर और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी लगातार पुलिस और परिजनों को गुमराह कर रहा था। बार-बार बयान बदलने पर परिजनों को शक हुआ। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में उसने कबूल किया कि यूपी की एक लड़की से बातचीत के विवाद में उसने साले की हत्या की थी। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।