Pune News: पुणे पुलिस ने 25 दिनों की लंबी तलाश और करीब 10 हजार किलोमीटर की छानबीन के बाद देहरादून से एक आरोपी डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चार अन्य सहयोगियों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से 26.33 लाख रुपये कीमत के सोने के बिस्कुट, आभूषण और नकदी बरामद हुई है।
पुणे पुलिस ने आपराधिक विश्वासघात के एक मामले में 25 दिनों की तलाश के बाद मुख्य आरोपी डिलीवरी ब्वॉय विशाल सत्यपाल चौहान को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने पुणे से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दर्जनों शहरों में करीब 10 हजार किलोमीटर तक छानबीन और छापेमारी की। तकनीकी साक्ष्यों (टेक्निकल फुटप्रिंट) और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस देहरादून पहुंची और मुख्य आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पूछताछ के बाद उत्तर प्रदेश के तीन जिलों से चार अन्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल ने खुलासा किया कि इस साजिश में उसके परिवार के सदस्य और दोस्त भी शामिल थे। उसकी निशानदेही पर पुणे पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एटा, कासगंज और गौतमबुद्ध नगर जिलों में छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल के भाई बिनेश सत्यपाल सिंह चौहान, दोस्त विकास कुमार जाधोन, राधेश्याम उर्फ पिकू चौहान और राधेश्याम के बहनोई बृजेश सुरेंद्र सिंह चौहान के रूप में हुई है।
16.8 लाख के सोने के बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद बरामद
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 26.33 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास कुमार जाधोन के घर से 120 ग्राम वजन के दो सोने के बिस्कुट मिले हैं, जिनकी कीमत लगभग 16.8 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, आरोपी बृजेश चौहान के घर से 7 लाख रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी और चांदी की एक चेन बरामद की गई है।
पुणे पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज किया है, जो आपराधिक विश्वासघात (क्रिमिनल ब्रीच ऑफ ट्रस्ट) से संबंधित है। मामले की आगे की जांच जारी है।