Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर 21-C में एक सॉफ्टवेयर कंपनी के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट परमजीत धनखड़ की हत्या का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। 6 नवंबर की रात पड़ोसी मोहन शर्मा (42) ने पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद के बाद परमजीत पर बेहद करीब से नौ गोलियां दागीं। फुटेज में आरोपी सड़क पर घायल पड़े परमजीत और उनकी पत्नी से यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि ‘दीवाली मुबारक’।
परमजीत धनखड़ वियतनाम की कंपनी एफपीटी सॉफ्टवेयर (FPT Software) में सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे और इससे पहले टेक महिंद्रा में एशिया-पैसिफिक रीजनल बिजनेस हेड रह चुके थे। वे परिवार के साथ दिवाली मनाने और महीने के अंत में भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए घटना से एक दिन पहले ही सिंगापुर से भारत लौटे थे।
सीसीटीवी में दिखा पूरी वारदात का घटनाक्रम
सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वारदात से पहले आरोपी मोहन शर्मा इमारत के प्रवेश द्वार पर आकर परमजीत को बार-बार ‘भैया’ और ‘धनखड़ साहब’ कहकर नीचे आने और कार हटाने के लिए कहता है। पहले परमजीत बालकनी में आते हैं और कार पार्क करने की जगह न होने की बात सुनकर अपने बेटे शौर्य के साथ नीचे स्टिल्ट पार्किंग एरिया में पहुंचते हैं। इस दौरान शर्मा अपनी पीठ पर बैग टांगे टहलता दिखता है और उसका दाहिना हाथ पैंट की जेब में है, जहां उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल छिपा रखी थी।
जैसे ही परमजीत अपने बेटे के साथ नीचे आते हैं, शर्मा उनसे बहस शुरू कर देता है। परमजीत के यह कहने के बावजूद कि वे झगड़ा नहीं चाहते, शर्मा कथित तौर पर पिस्टल निकालकर बेहद करीब से गोलियां चला देता है। गोली लगने के बाद परमजीत सड़क की ओर भागते हैं और गेट बंद करने की कोशिश करते हैं, जबकि उनका बेटा ऊपर की तरफ भाग जाता है।
मैगजीन बदलकर फिर मारी गोली, दी जान से मारने की धमकी
फुटेज में दिखता है कि आरोपी गेट खोलकर सड़क पर परमजीत का पीछा करता है। घायल होने के बावजूद परमजीत आरोपी का कॉलर और गिरते समय उसका पैर पकड़कर मुकाबला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन शर्मा खुद को छुड़ा लेता है। इसी बीच शोर सुनकर परमजीत की मां बाहर आती हैं और बेटे को बचाने का प्रयास करती हैं।
आरोपी दोबारा पास आकर परमजीत पर बेहद करीब से गोली चलाता है और फिर पिस्टल की मैगजीन बदलता है। सड़क पर लहूलुहान पड़े परमजीत और उनकी पत्नी की ओर देखकर वह ‘दीवाली मुबारक’ कहता है और चिल्लाते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता है। इसके बाद वह बाहर खड़ी अपनी कार से फरार हो जाता है। परिजन परमजीत को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उन्हें कुल नौ गोलियां लगी थीं।
कुत्ते और गेट को लेकर चल रहा था पुराना विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर धनखड़ परिवार और दूसरी मंजिल पर मोहन शर्मा अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, शर्मा ने तीन महीने पहले एक जर्मन शेफर्ड पिल्ला खरीदा था। आरोप है कि वह और उसका बेटा कुत्ते को बिल्डिंग के पीछे स्टिल्ट पार्किंग और अंडरग्राउंड पानी की टंकी के पास शौच कराते थे, जिस पर धनखड़ परिवार ने कई बार आपत्ति जताई थी।
इसके अलावा, घटना से करीब 10 दिन पहले शर्मा ने कथित तौर पर उस मुख्य गेट को नुकसान पहुंचाया था, जिसका इस्तेमाल केवल धनखड़ परिवार करता था। इस मामले में परमजीत और उनके बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद 6 नवंबर की सुबह शर्मा को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी बुलाया गया था।
हथियार और कार बरामद, कोर्ट में पेशी
फरीदाबाद पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) यशपाल यादव ने बताया कि आरोपी मोहन शर्मा को गिरफ्तार कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल और फरार होने के लिए उपयोग की गई कार बरामद कर ली है।