Kaithal News: कैथल जिले के जाजनपुर गांव में रविवार को दिनदहाड़े 42 वर्षीय किसान राजीव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पड़ोसी के घर के बाहर अखबार पढ़ रहे राजीव को छह गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप पड़ोसी एडवोकेट वीरेंद्र श्योकंद पर है, जो वारदात के बाद फरार हो गया।
शिकायतकर्ता मनींदर के अनुसार राजीव सुबह तालाब में मछलियों को दाना डालकर लौटे थे और पड़ोसी के घर के बाहर अखबार पढ़ रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर आए आरोपी ने उनके माथे पर गोली चला दी। आरोपी ने कुल छह गोलियां चलाईं। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का शक है। आरोपी वीरेंद्र श्योकंद कैथल कोर्ट में वकालत करते हैं और पहले आम आदमी पार्टी की लीगल सेल के हल्का अध्यक्ष रह चुके हैं, हालांकि बाद में उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।
ग्रामीणों ने शव उठाने से किया इन्कार
वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग करते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। डीएसपी सुशील के समझाने पर ग्रामीण माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए कैथल सिविल अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आरोपी का फोन दो घंटे तक रहा चालू
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि आरोपी का फोन वारदात के दो घंटे बाद तक चालू रहा, लेकिन पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी। धांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि मनींदर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। राजीव अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनके बड़े भाई विदेश में रहते हैं और माता-पिता का कई साल पहले निधन हो चुका है।