दिल्ली के सोनिया विहार में सीएनजी पंप ऑपरेटर की हत्या, एकतरफा प्यार में रची गई थी पूरी साजिश; सात आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Delhi News: दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में सीएनजी पंप ऑपरेटर मनीष यादव की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुरुआती जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश और एकतरफा प्यार के कारण यह वारदात हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी, वकील और दो नाबालिग शूटरों समेत सात लोगों को अरेस्ट किया है।

पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे ने बताया कि 14 अक्टूबर की रात यह वारदात हुई। सोनिया विहार के साढ़े चार पुश्ता इलाके में बाइक सवार लड़कों ने मनीष के सिर में गोली मारी। स्थानीय लोग तुरंत उसे सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्कूल के पुराने प्यार और रंजिश में रची खूनी साजिश

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी उमेश मौर्य उर्फ मयंक, मनीष और उसकी पत्नी स्कूल में साथ पढ़ते थे। उमेश स्कूल के दिनों से ही मनीष की पत्नी को एकतरफा पसंद करता था। बाद में मनीष ने उससे लव मैरिज कर ली थी। इसी पुरानी रंजिश के कारण उमेश ने मनीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

जांच में पता चला कि उमेश ने अपने साथी विवेक सिंह के साथ मिलकर मर्डर की साजिश रची। पेशे से वकील विवेक ने दो नाबालिग शूटरों का बंदोबस्त किया। उसने दोनों शूटरों को दो लाख रुपये की सुपारी देने का वादा किया था। पुलिस के अनुसार यह रकम ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर भी की गई थी।

उधार रुपये मांगने के बहाने घर से बाहर बुलाया

वारदात वाली रात उमेश ने मनीष को फोन कर घर से बाहर बुलाया था। उसने एक हजार रुपये उधार लेने का बहाना बनाया। मनीष जैसे ही घर से बाहर सड़क पर आया, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार नाबालिग शूटरों ने नजदीक से गोली मार दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और बाइक भी बरामद की।

पुलिस टीम ने इलाके के लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया। शुरुआत में सूचना देने वाले विवेक के बयानों में भारी विरोधाभास मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी साजिश सामने आई। हथियार और अन्य सामग्री मुहैया कराने वाले बाकी संदिग्धों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News