Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पटेल नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे कैरी बैग में मांस के पैकेट डिलीवर किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्टोर के 166 फ्रोजन मीट पैकेट जब्त कर लिए और आउटलेट पर ताला लगवा दिया।
क्या है पूरा मामला?
रविवार को फतेहपुर के पटेल नगर स्थित ब्लिंकिट आउटलेट पर मांस के पैकेटों की डिलीवरी को लेकर हिंदू संगठनों ने रोष व्यक्त किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे हुए कैरी बैग में रखकर मांस के पैकेट बेचे और डिलीवर किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की।
लाइसेंस में नहीं थी मांस बिक्री की अनुमति
सहायक आयुक्त खाद्य वीरेंद्र कुशवाहा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित ने बताया कि जांच के दौरान आउटलेट संचालक द्वारा दिखाए गए लाइसेंस के उपनियम 31 में मांस और मांस उत्पादों की बिक्री का कोई उल्लेख नहीं मिला। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए 45,384 रुपये कीमत के फ्रोजन मीट के 166 पैकेट जब्त कर लिए। इस मामले में एडीएम वित्त एवं राजस्व की अदालत में वाद दर्ज कराया जा रहा है, जिसके बाद आगे की वैधानिक और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
कार्यकर्ताओं ने जताया कड़ा विरोध
हंगामे की अगुवाई कर रहे धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी को बेरोजगार करना नहीं है, बल्कि नवरात्रि के पावन पर्व पर इस तरह के बैग में मांसाहारी उत्पादों की आपूर्ति करना सनातन संस्कृति के सम्मान के खिलाफ है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। फिलहाल, आउटलेट पर मांस की बिक्री पर रोक लगा दी गई है, हालांकि अन्य सामान्य वस्तुओं की बिक्री जारी रह सकती है।
