New Delhi News: अब तक आम नागरिकों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ या फर्जी कॉल के जरिए निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों ने अपना तरीका बदलते हुए अब नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (एनबीएफसी) को निशाने पर ले लिया है। पिछले महज तीन महीनों के भीतर दिल्ली-एनसीआर की 12 फाइनेंस कंपनियों के सॉफ्टवेयर में सेंध लगाकर हैकर्स ने 65 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हाई-टेक साइबर ठगी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित हैकिंग टूल्स का इस्तेमाल किया गया।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में दर्ज ये 12 एफआईआर देशभर में सक्रिय एक बड़े साइबर सिंडिकेट का हिस्सा हैं। इसी अवधि के दौरान पूरे देश की विभिन्न एनबीएफसी से ठगी की 150 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें कुल 300 करोड़ रुपये से अधिक की रकम उड़ाई गई है। दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट (आईएफएसओ) ने एनसीआर के इन 12 मामलों में अब तक 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये सभी उन ‘म्यूल अकाउंट्स’ को तैयार करने और उपलब्ध कराने में शामिल थे, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 65 करोड़ में से 18 करोड़ रुपये की राशि को नकदी निकालने या क्रिप्टोकरेंसी में बदलने से पहले ही ट्रैक कर फ्रीज कर दिया है।
मैलवेयर और क्लाउड सर्वर के जरिए सेंधमारी का नया पैटर्न
पुलिस जांच में साइबर ठगी का एक बिल्कुल नया तकनीकी पैटर्न सामने आया है। इस तरीके में ठग ग्राहकों को फोन करने के बजाय सीधे फाइनेंस कंपनियों के सर्वर और सॉफ्टवेयर को हैक करते हैं। जांच में सामने आया कि कई छोटी फाइनेंस कंपनियों के मोबाइल ऐप या वेबसाइट की कोडिंग में तकनीकी खामियां होती हैं, जिनका फायदा उठाकर हैकर्स मैलवेयर के जरिए सिस्टम के फ्रंट-एंड में घुसपैठ करते हैं।
यह मैलवेयर सात से आठ दिनों तक कंपनी के सिस्टम में छिपा रहता है और उन स्वीकृत (अप्रूव्ड) लोन की जानकारी जुटाता है, जिनकी राशि अभी तक ग्राहकों के बैंक खातों में ट्रांसफर नहीं हुई है।
फायरवाल को चकमा देने के लिए क्लाउड आईपी का इस्तेमाल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई कंपनियां अपनी वेबसाइट और ऐप संचालित करने के लिए क्लाउड प्लेटफॉर्म के डेटा सेंटर का उपयोग करती हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कंपनियों का फायरवाल इन क्लाउड सर्वर के आईपी एड्रेस को ‘व्हाइटलिस्ट’ (विश्वसनीय सूची में) रखता है। चूंकि ये क्लाउड सेवाएं आम उपयोगकर्ताओं के लिए भी उपलब्ध हैं, इसलिए साइबर अपराधी भी इन्हीं क्लाउड सर्वर पर अपना अकाउंट बना लेते हैं।
क्लाउड सर्वर से प्राप्त भरोसेमंद आईपी एड्रेस के माध्यम से हैकर्स कंपनी के सिस्टम को लोन की राशि जारी करने का फर्जी कमांड भेजते हैं। कंपनी का फायरवाल इसे अपना ही रूटीन अनुरोध समझकर स्वतः मंजूरी दे देता है। इसके बाद ठग सिस्टम में असली ग्राहक के बैंक खाते की जगह अपना ‘म्यूल अकाउंट’ नंबर दर्ज कर देते हैं और लोन की पूरी रकम सीधे उनके खाते में ट्रांसफर हो जाती है।
चाइनीज एआई प्लेटफॉर्म और देरी से मिलान का उठाया फायदा
अक्टूबर महीने में सामने आए एक मामले में एक फाइनेंस कंपनी से तीन करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। तकनीकी जांच में पता चला कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए ‘साइबर स्ट्राइक एआई’ (Cyber Strike AI) नामक एक चाइनीज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म का उपयोग किया गया था। यह टूल बेहद कम समय में एक साथ सैकड़ों कमांड स्क्रिप्ट भेजने में सक्षम है।
पुलिस के अनुसार, कई छोटी फाइनेंस कंपनियां साप्ताहिक या पाक्षिक आधार पर अपने बैंक खातों और वितरित किए गए लोन का मिलान (रिकॉन्सिलिएशन) करती हैं। इस देरी के कारण कंपनियों को हफ्तों बाद पता चलता है कि वास्तविक ग्राहक को लोन की राशि प्राप्त ही नहीं हुई है, और तब तक साइबर ठग उस रकम को कई बैंक खातों के माध्यम से आगे ट्रांसफर कर चुके होते हैं।