Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए ठियोग-कोटखाई क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में चिट्टा, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई है।
ऐसे खुला तस्करों का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 12 नवंबर को 23 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए कोटखाई के दो आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे बढ़ी। जांच में यह बात सामने आई थी कि दोनों आरोपी फोन के माध्यम से ओमकार उर्फ ओमी से चिट्टा खरीदते थे और उसका नकद भुगतान करते थे। इसी कड़ी में पुलिस ने कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और 15 नवंबर को मुख्य आरोपी को पिंजौर से दबोच लिया।
ठिकाने से 49 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के ठिकाने से पुलिस ने 49 ग्राम चिट्टा, 1 लाख 2 हजार 500 रुपये की नकदी और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी ओमकार के खिलाफ वर्ष 2021 में भी ठियोग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
इस साल अब तक 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक बाहरी राज्यों से कुल 94 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर लगभग 70 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के इस अवैध नेटवर्क की जड़ें कहां-कहां फैली हुई हैं और हिमाचल में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।