Hamirpur News: स्थानीय कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला रोती-बिलखती हुई दंडवत होकर डीएम कार्यालय की ओर बढ़ने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन महिला नहीं मानी। बाद में डीएम को प्रार्थना पत्र देकर उसने अपने पति के हिस्से की जमीन और मकान पर जेठ व देवर द्वारा कब्जा करने की शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई।
लापता पति के हिस्से की जमीन और मकान पर कब्जा
थकान और बेबसी से जूझ रही थाना ललपुरा के पौथिया गांव की रहने वाली महिला देवरती ने बताया कि उसकी शादी थाना मुस्करा के खड़ेही लोधन गांव निवासी कैलाशचंद्र के साथ हुई थी। उसका पति पिछले एक साल से लापता है। महिला का आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए उसके जेठ और देवर ने उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया है और मकान पर भी ताला जड़ दिया है। महिला के दो छोटे बच्चे हैं और पति के लापता होने के कारण बच्चों के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उसी पर है, लेकिन जमीन और मकान पर कब्जा होने से उसके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
डीएम कार्यालय के बाहर हंगामा और पुलिस हस्तक्षेप
बुधवार को देवरती अपनी फरियाद लेकर सीधे जिला मुख्यालय पहुंची। कलेक्ट्रेट में प्रवेश करते ही वह रोते-बिलखते हुए जमीन पर दंडवत होने लगी। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को उठाया और डीएम के समक्ष पेश किया। डीएम ने पीड़िता की पूरी बात को गंभीरता से सुना और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया है।