दिल्ली के सराफा कारोबारी से 1.12 करोड़ के आभूषण हड़पे, वृंदावन के चार व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज

Share

- Advertisement -

Mathura News: दिल्ली के एक सराफा कारोबारी से व्यावसायिक संबंध का झांसा देकर 1.12 करोड़ रुपये से अधिक के हीरे और कीमती आभूषण हड़पने का मामला सामने आया है। गहने वापस मांगने पर पीड़ित और उनकी पत्नी के साथ मारपीट और अभद्रता की गई। पीड़ित की तहरीर पर वृंदावन कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली के हौज खास क्षेत्र निवासी संजय कुमार ‘रिजेन्सी ज्वैलर्स’ नाम से फर्म का संचालन करते हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वर्ष 2023 में उनका संपर्क मथुरा स्थित फर्म ‘मिशिका जेम्स एंड ज्वेल्स’ के संचालक वंशीधर अग्रवाल और उनके परिजनों से हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक बातचीत शुरू हुई और आरोपियों का दिल्ली स्थित कार्यालय में आना-जाना होने लगा।

आरोप है कि एक अप्रैल 2024 को आरोपियों ने दिल्ली आकर व्यापार के उद्देश्य से उसी डिजाइन के नए जेवर तैयार करवाने का भरोसा दिया। इसके बहाने उन्होंने संजय कुमार से पन्ने का ब्रोच, पन्ना और हीरे के आभूषण तथा दो कैरेट का एक हीरा ले लिया, जिसकी कीमत लाखों रुपये थी।

दर्शन के बहाने वृंदावन बुलाकर लिए 66 लाख के और गहने

पीड़ित के मुताबिक, 5 अप्रैल 2024 को आरोपियों ने उन्हें बांकेबिहारी जी के दर्शन का निमंत्रण देकर वृंदावन बुलाया। वहां अन्य स्थानीय व्यापारियों को डिजाइन दिखाने का हवाला देकर उनसे और कीमती आभूषण ले लिए गए। इनमें लगभग 48.27 लाख रुपये की कीमत का पांच कैरेट का एक हीरा और करीब 18 लाख रुपये का पन्ना-हीरे का सेट शामिल था।

आभूषण देने के बाद पीड़ित कारोबारी लगातार अपने गहने वापस मांगते रहे, लेकिन आरोपी टालमटोल करते रहे। इस दौरान पीड़ित को पता चला कि आरोपियों पर पहले भी अन्य व्यापारियों के साथ इसी प्रकार की धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं।

तकादा करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

संजय कुमार का आरोप है कि 20 अप्रैल 2024 को जब वह अपनी पत्नी रत्ना के साथ वृंदावन स्थित वंशीधर अग्रवाल के आवास पर बकाया आभूषण लेने पहुंचे, तो वहां विवाद हो गया। आरोप के अनुसार, वंशीधर अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, शुभम अग्रवाल और अंकिता अग्रवाल ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए आभूषण लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

पीड़ित कारोबारी के अनुसार, आरोपियों ने कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये मूल्य के हीरे और आभूषण हड़पे हैं। वृंदावन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Read more

Related News