सरकाघाट में रास्ते के विवाद को लेकर मां-बेटी पर दराट से हमला, गंभीर हालत में हमीरपुर रेफर

Share

- Advertisement -

Sarkaghat News: हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत खलारडू के लुकाणू गांव में रास्ते से आने-जाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने मां और बेटी पर दराट से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

रास्ते के विवाद को लेकर हुआ खूनी संघर्ष

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम को 58 वर्षीय गायत्री देवी पत्नी बिहारी लाल अपनी बेटी मधु और अपने दोहते के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ के बेटे रामलाल पुत्र अजुध्या लाल ने कथित तौर पर उन्हें वहां से आने-जाने पर आपत्ति जताई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद गुस्से में आकर रामलाल ने गायत्री देवी पर दराट से हमला कर दिया। अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आगे आई बेटी मधु पर भी आरोपी ने हमला कर दिया।

गंभीर चोटें लगने के बाद अस्पताल रेफर

इस हमले में गायत्री देवी के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी बेटी मधु के सिर पर गहरा घाव हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। घायलों की नाज़ुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर रेफर कर दिया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी

थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ जान से मारने के प्रयास और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम फरार आरोपी रामलाल की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News