छत्तीसगढ़ आरआई भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामला: ईओडब्ल्यू ने दिल्ली से दो सगे भाइयों को किया गिरफ्तार, 23 नवंबर तक रिमांड पर

Share

- Advertisement -

Raipur News: छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में राज्य आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मध्य प्रदेश के भिंड जिले के निवासी दो सगे भाइयों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को सोमवार को रायपुर लाकर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान 41 वर्षीय अरविंद जाटव और 35 वर्षीय वीर सिंह जाटव के रूप में हुई है। ईओडब्ल्यू-एसीबी के अनुसार, दोनों आरोपित मध्य प्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घना की गड़िया के मूल निवासी हैं।

मुद्रण समिति के सदस्य के साथ मिलकर रची थी साजिश

जांच एजेंसी के मुताबिक, अरविंद और वीर सिंह ने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया था और इसके बदले मोटी रकम वसूली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति (प्रिंटिंग कमेटी) से जुड़े सह-आरोपित वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर इस पूरे आपराधिक षड्यंत्र को अंजाम दिया।

उच्चस्तरीय जांच के बाद ईओडब्ल्यू को सौंपा गया था मामला

उल्लेखनीय है कि राजस्व निरीक्षक (आरआई) विभागीय परीक्षा का आयोजन सात जनवरी 2024 को आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय द्वारा किया गया था। इस परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था।

बाद में परीक्षा में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एक उच्चस्तरीय जांच कराई गई। इस जांच कमेटी की रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरे मामले की विस्तृत जांच ईओडब्ल्यू-एसीबी को सौंप दी थी। पुलिस रिमांड के दौरान अब एजेंसी आरोपितों से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों की जानकारी जुटाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News