New Delhi News: नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में सस्ते टिकट दिलाने के नाम पर एक महिला से ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने 400 रुपये में टिकट देने का झांसा देकर महिला से एक क्यूआर कोड स्कैन करवाया, जिसके बाद उसके खाते से 1,200 रुपये कट गए और उसका आईफोन सिंक होकर हैंग होने लगा। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपित मोहम्मद फैसल को दबोच लिया है और अब उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
गेट नंबर चार के पास महिला को बनाया निशाना
नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। एक महिला व्यापार मेला देखने पहुंची थीं और गेट नंबर चार के पास आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टिकट खरीदने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति उनके पास आया और 400 रुपये में टिकट दिलाने की पेशकश की।
आरोपित ने भुगतान के लिए महिला को एक क्यूआर कोड दिया। जैसे ही महिला ने क्यूआर कोड स्कैन किया, उनके पेटीएम अकाउंट से 1,200 रुपये कट गए। इसके तुरंत बाद उनका आईफोन सिंक होने लगा और कुछ ही देर में फोन हैंग हो गया। इसी बीच महिला के फोन पर एक नोटिफिकेशन आया कि किसी ने उनके अकाउंट में लॉग-इन करने की असफल कोशिश की है।
शोर मचाने पर पुलिस ने मौके से दबोचा
अपने आईफोन के साथ छेड़छाड़ और हैकिंग की आशंका होने पर महिला ने तुरंत शोर मचाकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बुला लिया। शिकायत मिलते ही इंस्पेक्टर जितेंद्र डागर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मोहम्मद फैसल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कबाड़ का काम करता है आरोपित, पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस पूछताछ में आरोपित की पहचान 38 वर्षीय मोहम्मद फैसल के रूप में हुई, जो उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में गली नंबर-9, शिव मंदिर मार्ग के पास रहता है और कबाड़ का काम करता है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, फैसल पहले भी इसी वर्ष मई महीने में क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज किए गए धोखाधड़ी के एक ऐसे ही मामले में पकड़ा जा चुका है।
पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर दिल्ली में होने वाले बड़े आयोजनों के टिकट अवैध रूप से बेचता है। उसका साथी विभिन्न आयोजनों के टिकटों का इंतजाम करता था और वे उन आगंतुकों को निशाना बनाते थे जिन्हें टिकट लेने में परेशानी होती थी। इसके बदले आरोपित बिना किसी कानूनी अनुमति के नकद या ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए पैसे वसूलते थे और कई बार ग्राहकों से पैसे लेने के बावजूद उन्हें टिकट दिए बिना ही फरार हो जाते थे। पुलिस अब फैसल के फरार साथी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।