Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में धोखाधड़ी और साइबर अपराध का एक संगीन मामला सामने आया है। तीसा थाना क्षेत्र की एक युवती ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ निवासी युवक पर धोखे से शादी रचाने, शारीरिक शोषण करने और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने पहले झूठ बोलकर उससे शादी की और बाद में शोषण किया। इसके बाद आरोपी ने उसकी निजी और आपत्तिजनक तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने तीसा पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ आधिकारिक तहरीर दी।
साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जांच में जुटी पुलिस
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टेक्निकल टीम अब साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से जांच कर रही है कि तस्वीरें कहां-कहां अपलोड की गईं। इसके साथ ही इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
सलूणी के एसडीपीओ रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर डिजिटल साक्ष्य को जुटा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होते ही दोषी आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।