Bulandshahr News: दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ के संयुक्त अभियान में शुक्रवार तड़के उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया। उस पर 16 नवंबर को दिल्ली में विधायक और मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में शामिल होने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार, समीर की हत्या के बाद से ही नसीम दुर्रानी फरार चल रहा था और जांच के दौरान उसका नाम सामने आया था। जांच के क्रम में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उसके बुलंदशहर में मौजूद होने का इनपुट मिला, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और नोएडा एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई की।
सिकंदराबाद बाईपास के पास मुठभेड़
पुलिस टीम को सिकंदराबाद बाईपास के पास नसीम दुर्रानी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में वह स्कूटी पर जाता हुआ दिखाई दिया, जिसके आधार पर टीम ने उसका पीछा किया।
पुलिस के मुताबिक, रोकने की कोशिश करने पर उसने स्कूटी की रफ्तार तेज कर दी और भागने लगा। इसी दौरान स्कूटी फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। आरोप है कि उसके पास दो .32 बोर की पिस्टल थीं और गिरने के बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं और मुठभेड़ के दौरान करीब 20 से 22 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से घायल नसीम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से दोनों पिस्टल बरामद की गईं।
16 नवंबर को समीर की हत्या का आरोप
16 नवंबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार व खजूरी खास क्षेत्र में मंत्री और विधायक कपिल मिश्रा के स्थानीय कैंप कार्यालय के बाहर 26 वर्षीय समीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने समीर पर कथित तौर पर करीब 16 गोलियां चलाई थीं। इस मामले में नसीम दुर्रानी की भूमिका होने का आरोप था।
आपराधिक पृष्ठभूमि और सोशल मीडिया बायो
पुलिस के मुताबिक, नसीम दुर्रानी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। सूत्रों के अनुसार, वह छोटा शकील के संपर्क में था और वर्ष 2016-17 में छोटा शकील ने उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी। उस पर तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का आरोप भी बताया जाता है।
नसीम दुर्रानी अपने इंस्टाग्राम पेज पर भी सक्रिय था, जहां उसने बायो में खुद को ‘बदनाम’, पता ‘तिहाड़ जेल’, उम्र ‘जीने की’ और काम ‘मारने का’ लिखा हुआ था।