Chandigarh News: पंजाब के जीरकपुर स्थित केएमजी होटल में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस कार्रवाई में विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल गिरोह के दो शूटर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन और भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा को गोलियां लगी हैं। दोनों आरोपी एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांछित थे।
पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और गैंगस्टरों के बीच जीरकपुर स्थित केएमजी होटल में मुठभेड़ हुई है। पुलिस टीम ने विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल गिरोह के शूटरों को घेर लिया, जिसके बाद हुई गोलीबारी में हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन और भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा नामक दो शूटरों को कई गोलियां लगी हैं।
ये दोनों आरोपी पंजाब पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांछित थे। फिरोजपुर की काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात एएसआई इकबाल सिंह की 11 अक्टूबर 2026 को तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं गांव में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। तरनतारन के सरहाली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद दोनों शूटर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर कार में फरार हो गए थे।
पंजाब में पिछले तीन महीनों में पुलिसकर्मियों पर बढ़े हमले
राज्य में बीते तीन महीनों के भीतर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की कई घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में 16 नवंबर को गुरदासपुर के गांव माण कौर बाईपास के नजदीक हेड कांस्टेबल विनोद कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
इससे पहले अक्टूबर के पहले सप्ताह में अमृतसर के अजनाला थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिस के एएसआई सुखचैन सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। ड्यूटी से जगदेव खुर्द गांव स्थित अपने घर लौटते समय नहर के पास तीन बाइक सवार हमलावरों ने उन पर करीब से गोली चलाई थी, जो उनके बाएं कंधे के आर-पार हो गई थी।
वहीं, 18 सितंबर को अमृतसर के गेट हकीमा इलाके में रात की ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने एएसआई हरजीत सिंह को गोली मार दी थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया था कि हमलावरों ने गोली मारने के बाद मौके पर लौटकर 30 से 40 सेकंड का वीडियो भी बनाया था। बाद में पुलिस ने इस हत्याकांड के एक आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया था।