कांगड़ा के इंदौरा में दिनदहाड़े सूने मकान के ताले तोड़कर लाखों के गहने और नकदी चोरी, इलाके में फैली दहशत

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की रप्पड़ पंचायत के तलौटी गांव का है। यहां दिनदहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने ताले तोड़ दिए। चोर घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी चुराकर फरार हो गए।

पीड़ित संतोष चौधरी ने बताया कि शनिवार को उनका परिवार घर पर ताला लगाकर नागनी माता मंदिर गया था। जब परिवार दर्शन करके घर लौटा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। कमरों के भीतर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां खुली पड़ी थीं। यह नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए।

घर की जांच करने पर पता चला कि चोर अलमारी से करीब ढाई तोले सोने के आभूषण ले गए हैं। इसके अलावा करीब एक किलो चांदी के जेवर और तेरह हजार रुपए कैश भी गायब थे। चोरों ने शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया और बिना किसी सुराग के मौके से भाग निकले।

नशेड़ियों पर चोरी का शक, ग्रामीणों ने पुलिस से की गश्त बढ़ाने की मांग

इस वारदात के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। लोगों को शक है कि नशे की लत पूरी करने के लिए स्थानीय असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इलाके में पहले भी पानी की मोटर, बिजली की तारें और सरकारी पाइप चोरी होने के कई मामले सामने आ चुके हैं।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने गंगथ पुलिस चौकी में औपचारिक शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करके अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने, नियमित गश्त करने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News