Barwala News: हरियाणा के बरवाला में दीपावली की रात ढाबे पर खाना खा रहे युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर एक युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बरवाला निवासी पंकज और अजीज खान के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र के अनुसार, सुदकैन कलां निवासी अमित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 नवंबर को वह अपनी बहन के घर गांव मतलोडा आया हुआ था। उसी शाम उसका जीजा मनदीप अपने साथी सचिन और नसीब के साथ मोटरसाइकिल पर दीपावली की खरीदारी के लिए बरवाला बाजार पहुंचे थे, जबकि अमित भी अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से उनके पीछे बाजार गया था।
ढाबे पर खाना खाते समय हुआ था जानलेवा हमला
बाजार से खरीदारी पूरी करने के बाद मनदीप अपने दोस्तों के साथ दौलतपुर चौक के पास स्थित अमन ढाबे पर खाना खाने रुका था। इसी दौरान वहां कुछ अज्ञात युवक तेजधार चाकू और अन्य हथियारों से लैस होकर पहुंचे और मनदीप व उसके साथियों पर अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक हमले में मनदीप और उसके दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए मनदीप ने दम तोड़ दिया।
पुलिस चौकी इंचार्ज की टीम ने दबोचे दोनों आरोपी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर राजबीर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच को आगे बढ़ाया और हत्या में शामिल दो मुख्य आरोपियों पंकज और अजीज खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और हमले की मुख्य वजह का खुलासा हो सके।