Badkhal News: हरियाणा के बड़खल में पैसों के लेन-देन को लेकर दो महिलाओं के बीच हुए झगड़े को शांत कराना एक युवक के लिए भारी पड़ गया। विवाद के कुछ घंटे बाद एक महिला के पति और परिजनों ने रास्ते में युवक को रोककर उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। इस मारपीट में युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवक सराफत अली बड़खल का निवासी है। सराफत के अनुसार, 8 नवंबर को उनके पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर तीखी बहस हो रही थी। झगड़ा बढ़ता देख वह दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान एक महिला के साथ उनकी कहासुनी हो गई। उस समय मामला शांत होने पर वह अपने घर लौट आए थे।
शादी समारोह से लौटते समय किया गया हमला
पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करीब 9 बजे जब वह एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में महिला के पति ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी बातचीत के उसने अचानक ईंट उठाकर उनके सिर पर दे मारी। इसके बाद गली के कोने पर पहुंचे तो वहां महिला के परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की।
अनखीर चौकी में शिकायत दर्ज, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद घायल युवक ने अनखीर पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में महिला पक्ष की तरफ से भी शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।