Baddi News: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन और पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। बिलांवाली स्थित एक बिना लाइसेंस वाले गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध दवाइयों का जखीरा बरामद किया गया। गोदाम से करीब 26 लाख 40 हजार गोलियां जब्त की गई हैं।
पुलिस विभाग को बद्दी क्षेत्र में गैरकानूनी रूप से दवाइयों के भंडारण की एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी ड्रग्स विभाग से साझा की। सूचना के तुरंत बाद ड्रग इंस्पेक्टर हरीश रणौत और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बिलांवाली स्थित खसरा नंबर 280 में मौके पर छापा मारा।
बिना लाइसेंस गोदाम में रखी थीं लाखों दवाइयां
टीम ने जब गोदाम के भीतर सघन तलाशी अभियान शुरू किया, तो वहां विशाल मात्रा में दवाइयां पाई गईं। जांच के दौरान परिसर संचालक के पास दवाइयों के भंडारण का कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। यहां से फेरोक्योर नाम की 26 लाख 40 हजार से अधिक गोलियां तुरंत बरामद की गईं।
ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई
ड्रग विभाग के अनुसार इन गोलियों में फेरस सल्फेट और फोलिक एसिड के तत्व मौजूद हैं। ड्रग इंस्पेक्टर ने तुरंत पूरी खेप जब्त कर आरोपी पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने टीम की सराहना करते हुए अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।