Rishikesh News: ऋषिकेश के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की उम्मीद लिए पीड़िता के माता-पिता ने दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से अहम मुलाकात की। वर्ष 2022 में हुई 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी कथित ‘वीआईपी’ (अति विशिष्ट व्यक्ति) की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
सीबीआई के प्रवक्ता के अनुसार, अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने मुख्यालय में विशेष निदेशकों से मुलाकात कर महत्वपूर्ण तथ्य साझा किए। विशेष निदेशक मनोज शशिधर और संपत मीणा ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का पूरा भरोसा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच होगी।
वायरल ऑडियो के आधार पर नेताओं के नार्को टेस्ट की रखी मांग
पीड़ित परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि माता-पिता ने सीबीआई निदेशक को लिखित आवेदन सौंपकर पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट कराने का अनुरोध किया है। कथित तौर पर सनावर की एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें हत्याकांड में एक प्रभावशाली वीआईपी का जिक्र सामने आया था।
सीबीआई हेडक्वार्टर में इस मुलाकात के दौरान गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा सांसद अनिल बलूनी भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग का समर्थन किया। केंद्रीय एजेंसी अब ऑडियो क्लिप और परिवार द्वारा दिए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
