Mumbai News: खाद्य सुरक्षा नियामकों की बढ़ती सख्ती को देखते हुए देश के प्रमुख रेस्टोरेंट और फूड ब्रांड्स अलर्ट हो गए हैं। मुंबई में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) की हालिया कार्रवाई के बाद कंपनियों ने आगामी त्योहारी सीजन से पहले अपनी आंतरिक निगरानी और साफ-सफाई के नियमों को काफी सख्त कर दिया है।
त्योहारी सीजन कंपनियों की सालाना बिक्री का अहम हिस्सा होता है। ऐसे में उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए ब्रांड्स ने औचक निरीक्षण और किचन ऑडिट तेज कर दिए हैं। बिगीज बर्गर के अनुसार उनकी क्वालिटी टीम फ्रेंचाइजी और कंपनी आउटलेट्स पर कच्चे माल की एक्सपायरी, कोल्ड चेन और हाइजीन की जांच कर रही है।
किचन टूर से भरोसा जीत रहीं कंपनियां, जांच के दायरे में बड़े आउटलेट्स
नियामकों के कड़े रुख के बीच केएफसी इंडिया ग्राहकों को अपनी रसोई की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को दिखाने के लिए ‘किचन टूर’ करा रहा है। वहीं हैदराबाद के आइसबर्ग ऑर्गेनिक आइसक्रीम्स ने भी उपकरणों की सफाई और स्टोरेज व्यवस्था को मजबूत किया है ताकि उत्पादों की शुद्धता पर कोई सवाल न उठ सके।
हाल के महीनों में महाराष्ट्र और कर्नाटक के एफडीए विभागों ने नियमों के उल्लंघन पर कई होटलों, कैंटीनों और गोदामों पर शिकंजा कसा है। इस जांच अभियान की जद में डोमिनोज जैसे दिग्गज ब्रांड्स भी आए हैं। यहां तक कि एफएसएसएआई ने दिल्ली के दो प्रतिष्ठित पांच सितारा होटलों को भी नियमों की अनदेखी पर नोटिस जारी किया है।