New Delhi: पेट्रोल और डीजल की तर्ज पर शनिवार को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडरों के दाम पुराने स्तर पर ही स्थिर रखे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को महंगाई के मोर्चे पर फिलहाल राहत मिली है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार जून महीने में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। वैश्विक तनाव और युद्ध की शुरुआत के बाद यह दूसरा मौका था जब दाम बढ़ाए गए थे। इससे पहले मार्च में घरेलू एलपीजी के रेट 60 रुपये बढ़ाए गए थे। हालिया बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में इसकी कीमत 1000 रुपये के पार पहुंच गई है।
देश के प्रमुख शहरों में आज घरेलू एलपीजी सिलेंडर की दरें
राजधानी नई दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और नोएडा में 939.50 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता में इसका दाम 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है। बेंगलुरु में 915.50 रुपये, हैदराबाद में 994 रुपये, जयपुर में 945.50 रुपये, लखनऊ में 979.50 रुपये और पटना में सिलेंडर 1031 रुपये का मिल रहा है।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के ताजा भाव इस प्रकार हैं
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी आज कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण इनके दाम काफी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। नई दिल्ली और नोएडा में कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपये, मुंबई में 3067.50 रुपये, कोलकाता में 3255.50 रुपये, चेन्नई में 3283 रुपये, बेंगलुरु में 3198 रुपये और पटना में 3400 रुपये का मिल रहा है।
वैश्विक तनाव के कारण एलपीजी आपूर्ति और बुकिंग नियमों में बदलाव
भारत अपनी कुल एलपीजी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा विदेशों से आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते आपूर्ति बनाए रखने के लिए सरकार ने आयात स्रोतों का विस्तार किया है और घरेलू उत्पादन बढ़ाया है। साथ ही सिलेंडर की बुकिंग के नियमों को कड़ा करते हुए गांवों में 25 दिन और शहरों में 45 दिन का अंतर अनिवार्य कर दिया गया है।