मेरठ औद्योगिक गलियारे में 25 नवंबर को होगा पहला भूमि पूजन, तीन हजार करोड़ निवेश करेगी अमेरिकी कंपनी बॉल बेवरेज

Share

- Advertisement -

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में विकसित हो रहे औद्योगिक गलियारे के 214 हेक्टेयर के प्रथम चरण में सबसे पहला भूमि पूजन 25 नवंबर को होगा। यह भूमि पूजन एल्युमीनियम के बेवरेज कैन बनाने वाली अमेरिकी कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन (Ball Corporation) की भारतीय इकाई ‘बॉल बेवरेज पैकेजिंग (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड’ के प्लांट का होगा। कंपनी यहां लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश से प्लांट स्थापित करेगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजन स्थल पर 100 गुणा 120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विशाल जर्मन हैंगर लगाया जा रहा है। कंपनी ने इस आयोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी इवेंट कंपनी ‘स्फिनक्स एडोनिस इंडिया’ को सौंपी है। इवेंट मैनेजर जुबैर चौधरी ने बताया कि भूमि पूजन समारोह के लिए सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहा है औद्योगिक गलियारा

उत्तर प्रदेश के पांच औद्योगिक एक्सप्रेसवे के किनारे कुल 30 औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे भी 11 जनपदों में औद्योगिक गलियारों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। मेरठ में बिजौली और खरखौदा गांव की 214 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारे का प्रथम चरण विकसित किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने 190 हेक्टेयर से अधिक भूमि की खरीद पूरी होने के बाद यहां बुनियादी ढांचे का विकास कार्य शुरू करा दिया है। यूपीडा ने प्रथम चरण की भूमि में कुल 24 औद्योगिक भूखंड निर्धारित किए हैं, जिनमें से सात भूखंडों का आवंटन विभिन्न कंपनियों को किया जा चुका है।

सात मुख्य सड़कों और प्रीकास्ट नालों का निर्माण जारी

विकास कार्य के लिए चयनित एजेंसी ‘ब्लैकलीड इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड’ के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर कोमल सिंह ने बताया कि औद्योगिक गलियारे में सात मुख्य सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों के किनारे प्रीकास्ट तकनीक से सीमेंटेड नालों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही सड़कों के लिए मिट्टी भराव और समतलीकरण (लेवलिंग) का कार्य भी तेजी से जारी है। निर्माण कंपनी ने अपना संयंत्र भी यहां स्थापित कर लिया है।

एक साल के भीतर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य

अमेरिकी मूल की कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन पेय पदार्थों, पर्सनल केयर और घरेलू उत्पादों के लिए पर्यावरण के अनुकूल रीसाइकिलेबल एल्युमीनियम कैन और बोतलों का निर्माण करती है। भारतीय बाजार में यह कंपनी कोल्ड ड्रिंक्स, बीयर, एनर्जी ड्रिंक्स और डेयरी उत्पादों के लिए एल्युमीनियम कैन उपलब्ध कराती है।

वर्तमान में भारत में कंपनी के दो प्लांट महाराष्ट्र के तलोजा और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में संचालित हो रहे हैं। मेरठ में आवंटित भूमि की निशानदेही का कार्य पूरा हो चुका है और कंपनी ने लगभग एक वर्ष के भीतर यहां उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News