Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित ऐतिहासिक पड्डल मैदान में शनिवार को सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त (डीसी) मंडी अपूर्व देवगन ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रदेशभर की कुल 13 टीमें इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रही हैं, जिसके समापन पर संतोष ट्रॉफी के लिए हिमाचल की टीम चुनी जाएगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की फुटबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी प्रतियोगिताएं एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।
पहले दिन खेले गए दो मुकाबले, सिरमौर-सोलन का मैच ड्रॉ
चैंपियनशिप के पहले दिन कुल दो मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच किन्नौर और कांगड़ा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कांगड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किन्नौर को 3-1 के अंतर से पराजित किया। कांगड़ा के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए तीन गोल दागे, जबकि किन्नौर की टीम केवल एक गोल ही कर सकी।
दिन का दूसरा मुकाबला सिरमौर और सोलन की टीमों के बीच हुआ। दोनों टीमों ने जीत हासिल करने के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-एक गोल ही कर सकीं और यह मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
संतोष ट्रॉफी के लिए होगा हिमाचल की टीम का चयन
इस चैंपियनशिप में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई कुल 13 टीमों के बीच खिताब के लिए मुकाबले खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता का विशेष महत्व इसलिए भी है, क्योंकि इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर ही प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव दीपक शर्मा, नंदिता शर्मा, डॉ. चंद्र प्रकाश कौशल, विजय शमशेर भंडारी, नरेंद्र सैनी, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास, भूपेंद्र, पंकज शर्मा, फुटबॉल कोच कमल किशोर, विक्रम बिष्ट, जगदीश राजा और वीरेंद्र सेन सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।