यूपी में SIR पर सियासी घमासान: सीएम योगी के 1.27 करोड़ वोटरों वाले दावे पर अखिलेश यादव का तीखा तंज

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी जंग तेज हो गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने का दावा किया, जिस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए तंज कसा कि अब बीजेपी को भी वोट कटने का दर्द समझ आने लगा है।

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक टकराव बढ़ गया है। अब तक विपक्षी दल चुनाव आयोग और प्रशासन पर नाम काटने का आरोप लगा रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक हालिया बयान ने इस बहस को नया मोड़ दे दिया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि राज्य में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जब अपने ऊपर बात आई है, तब सत्ता पक्ष को दूसरों की पीड़ा का अहसास हो रहा है।

सीएम योगी ने उठाए आंकड़े, चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक टीवी साक्षात्कार में मतदाता सूची के आंकड़ों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन भारत निर्वाचन आयोग की विधानसभा और लोकसभा मतदाता सूची से नदारद हैं।

योगी आदित्यनाथ ने इन आंकड़ों का विवरण देते हुए बताया कि लगभग 66 लाख मतदाता पंचायत सूची में हैं मगर आयोग की सूची में नहीं हैं। इसके अलावा 55 लाख लाभार्थी हिंदू मतदाताओं और 18 से 19 वर्ष की उम्र के करीब 4.5 लाख युवाओं के नाम सूची से गायब होने का दावा किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले में चुनाव आयोग को औपचारिक ज्ञापन दिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मृत और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया का समर्थन करते हैं, लेकिन पात्र मतदाताओं के नाम नहीं छूटने चाहिए।

अखिलेश यादव का पलटवार: ‘जब अपने पैर फटी बिवाई’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘जब अपने पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई।’ अखिलेश ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि अगर मुख्यमंत्री को लगता है कि 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे हैं, तो वे सपा के पुराने बयानों को री-पोस्ट करें।

अखिलेश यादव ने आगे लिखा, ‘अब कोई फर्क कहां रह गया तुममें और हममें, न किसी शिकायत में, न तुम्हारे-हमारे गम में!’ सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि जब आयोग ने धर्म के आधार पर कोई आधिकारिक डेटा जारी नहीं किया है, तो मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला। सपा का कहना है कि जब खुद के वोट बैंक पर असर दिखा, तब सत्ता पक्ष ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई।

मुस्लिम मतदाताओं में वृद्धि का दावा और आधिकारिक स्थिति

मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि एसआईआर के बाद उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि, चुनाव आयोग द्वारा जारी सार्वजनिक आंकड़ों में धर्म के आधार पर मतदाताओं के जुड़ने या हटने का कोई आधिकारिक डेटा दर्ज नहीं होता। ऐसे में केवल इस प्रतिशत से यह स्पष्ट नहीं होता कि वास्तविक संख्या के आधार पर कितने मतदाताओं के नाम जोड़े गए या हटाए गए।

एसआईआर के बाद यूपी में मतदाताओं की स्थिति

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अंतिम सूची के आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया से पहले उत्तर प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या लगभग 15.44 करोड़ थी। पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 13,39,84,792 रह गई। इस दौरान लगभग 2.04 करोड़ अपात्र या दोहरी प्रविष्टि वाले नाम हटाए गए, जबकि आपत्तियों और दावों के निस्तारण के बाद 84.28 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए।

Read more

Related News