Ghaziabad News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने गाजियाबाद की डासना जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने जेल प्रशासन और भाजपा सरकार पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन व आजम खान के परिवार के उत्पीड़न का आरोप लगाया। साथ ही, 2027 में सपा की सरकार बनने पर जेल में जाली लगाकर मुलाकात कराने की व्यवस्था खत्म करने का ऐलान किया।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव गुरुवार को दिल्ली स्थित यूपी सदन से रवाना होकर गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जेल से बाहर आकर शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
जेल में जाली लगाकर मुलाकात कराने पर जताई नाराजगी
मीडिया से बातचीत में शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान और उनके पूरे परिवार का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन ने उन्हें प्रोटोकॉल के मुताबिक मुलाकात नहीं करने दी और बीच में जाली लगाकर बात कराई, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। शिवपाल ने कहा कि अब उन्हें केवल अदालत से ही राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने ऐलान किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जेलों में मुलाकात के दौरान लगाई जाने वाली इस जाली की व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा।
भाजपा पर साजिश का आरोप और 2027 की चुनावी रणनीति
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार को केवल समाजवादी पार्टी से जुड़े होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे भाजपा की साजिश बताया। शिवपाल के अनुसार, मुलाकात के दौरान आजम खान के साथ आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन और धार्मिक मुद्दे पर घेराबंदी
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने और गठबंधन करने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने इस गठबंधन की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह गठबंधन भाजपा को समर्थन देने के उद्देश्य से किया गया है। इसके अलावा धार्मिक मुद्दे पर भी शिवपाल ने भाजपा को घेरा और कहा कि भगवान सबके हैं तथा किसी भी व्यक्ति को कहीं भी पूजा करने का पूरा अधिकार है।
पार्टी के भीतर दूरी कम करने की कवायद
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य पुराने समाजवादी नेताओं को एक मंच पर लाना और पार्टी के भीतर की आपसी दूरी को कम करना था। बताया जा रहा है कि शिवपाल यादव, आजम खान और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच कथित राजनीतिक दूरी को पाटने तथा संवाद का रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं। रामपुर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आजम खान के राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुराने नेताओं और उनके समर्थकों को एकजुट रखना समाजवादी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।