ओवैसी और चंद्रशेखर के नए मोर्चे से विपक्ष में हलचल, अरविंद सावंत और गिरिराज सिंह ने उठाए सवाल

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनने से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने के बाद विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन और भाजपा नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

    उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। नए बने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ ने चंद्रशेखर आजाद को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। इस नए राजनीतिक समीकरण के बाद विपक्षी दलों के खेमे में असहजता देखी जा रही है।

    विपक्षी नेताओं के निशाने पर चंद्रशेखर आजाद

    समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसे दल लंबे समय से असदुद्दीन ओवैसी पर भाजपा को लाभ पहुंचाने के आरोप लगाते रहे हैं। अब चंद्रशेखर आजाद के उनके साथ गठबंधन करने पर विपक्षी नेताओं ने आजाद पर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

    शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा सांसद अरविंद सावंत ने इस गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद को आईने में देखना चाहिए कि वे किसके साथ जा रहे हैं। सावंत ने तंज कसते हुए कहा कि यदि ओवैसी भाजपा का समर्थन करते हैं और चंद्रशेखर उनके साथ जाते हैं, तो वे भी भाजपा के साथ खड़े दिखाई देंगे और उन्हें ‘सी टीम’ कहा जाएगा। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि इस फैसले के बाद चंद्रशेखर आजाद अब ‘आजाद’ नहीं रहेंगे।

    भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने भी की टिप्पणी

    दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने भी इस गठबंधन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर और ओवैसी का गठबंधन संभव ही नहीं हो सकता, क्योंकि दोनों की विचारधाराएं बिल्कुल विपरीत हैं।

    ओवैसी और चंद्रशेखर का पलटवार

    विपक्ष की ओर से ‘बी टीम’ कहे जाने के आरोपों पर असदुद्दीन ओवैसी ने कड़ा पलटवार किया है। ओवैसी ने कहा कि जो दल उन पर आरोप लगाते हैं, उन्हें मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों का अपना पुराना रिकॉर्ड देखना चाहिए। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों का 90 प्रतिशत मत पाने के बावजूद वे भाजपा को नहीं हरा सके, इसलिए अब जनता को एक मजबूत विकल्प की आवश्यकता है।

    वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्होंने विपक्षी एकता के लिए कई प्रयास किए, लेकिन अहंकार और महत्वाकांक्षा में डूबे लोगों ने उस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी को अपनी राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है और जो भी दल भाजपा को रोकना चाहते हैं, उनका इस मोर्चे में स्वागत है।

    दलित-मुस्लिम समीकरण से बदल सकता है चुनावी गणित

    राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस गठबंधन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू दलित और मुस्लिम मतदाताओं का समीकरण है। अनुमानों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में दलित आबादी लगभग 21 प्रतिशत और मुस्लिम आबादी करीब 19 प्रतिशत है, जो मिलकर राज्य की कुल आबादी का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा बनता है।

    जानकारों का मानना है कि यह गठबंधन पश्चिमी उत्तर प्रदेश, रोहिलखंड और पूर्वांचल की कई विधानसभा सीटों पर चुनावी समीकरण बदल सकता है। इनमें मुस्लिम बहुल सीटों के रूप में सहारनपुर, देवबंद, मेरठ कैंट, बरेली, शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर, बदायूं, पीलीभीत, सीसामऊ, कानपुर कैंट, अमरोहा, लखनऊ पश्चिम, रामपुर, मुरादाबाद नगर, संभल, नजीबाबाद, बिजनौर, धामपुर, नगीना, नूरपुर, चांदपुर, बिलारी, असमोली, ठाकुरद्वारा, कांठ और कुंदरकी शामिल हैं।

    इसी प्रकार, दलित मतदाताओं के प्रभाव वाली सीटों में आजमगढ़ की फूलपुर व लालगंज, जौनपुर की शाहगंज व मछलीशहर, सोनभद्र की दुद्धी व रॉबर्ट्सगंज, मिर्जापुर की लालगंज व मझवां, मिल्कीपुर, नगीना, अमरोहा, मेरठ, बहराइच, मुरादाबाद ग्रामीण, रामपुर मनिहारन, गंगोह, थानाभवन और चरथावल प्रमुख हैं। राजनीतिक आकलन के मुताबिक, यदि मुस्लिम और दलित मतदाताओं का एक वर्ग इस नए मोर्चे की ओर जाता है, तो विपक्षी मतों के विभाजन का सीधा असर सपा-कांग्रेस गठबंधन के चुनावी परिणामों पर पड़ सकता है।

    Read more

    Related News