Kullu News: कुल्लू जिले में 10,280 फीट ऊंचे जलोड़ी जोत पर अचानक हुई बर्फबारी के कारण बाडानाला के पास सड़क पर एक इंच तक बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। जिला पुलिस की टीम ने मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाकर 12 पैदल यात्रियों और 8 दोपहिया वाहनों को सुरक्षित सोझा पहुंचाया। प्रशासन ने रात के समय यात्रा न करने की सख्त सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिजाज बदलते ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। जिला कुल्लू की 10,280 फीट ऊंची प्रसिद्ध जलोड़ी जोत पर अचानक हुई बर्फबारी के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जलोड़ी जोत और आसपास के इलाकों में बर्फबारी के बाद सड़कों पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे वाहनों का चलना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
बाडानाला के पास करीब एक इंच तक बर्फ जम जाने के चलते यह सड़क मार्ग छोटे और बड़े दोनों प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। स्थिति को देखते हुए जिला पुलिस ने पर्यटकों और अन्य वाहन चालकों को फिलहाल जलोड़ी जोत की ओर सफर न करने की हिदायत दी है।
पुलिस ने चलाया बचाव अभियान, सुरक्षित निकाले गए लोग
बर्फबारी के बीच जलोड़ी दर्रे के नजदीक कई पर्यटक और वाहन अचानक फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 8 दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों को सुरक्षित निकाला और सरकारी वाहन के जरिए उन्हें सोझा पहुंचाया।
इसके साथ ही बर्फ में फंसे दो छोटे वाहनों को रस्सों के सहारे खींचकर दर्रे के पार सुरक्षित निकाला गया। वहीं वापसी के दौरान कुछ अन्य वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों को किया गया सतर्क
मार्ग पर बढ़ते खतरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सोझा, घियागी और जिभी क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के साथ-साथ टैक्सी चालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे पर्यटकों को जलोड़ी जोत की ओर जाने से रोकें तथा सड़क पर बर्फ जमने से उत्पन्न फिसलन और खतरों के प्रति जागरूक करें।
पुलिस अधीक्षक ने जारी की एडवाइजरी
पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने पर्यटकों और आम जनता से विशेष अपील की है कि वे रात के समय जलोड़ी जोत की तरफ वाहन लेकर बिल्कुल न जाएं। उन्होंने कहा कि जब तक मौसम और सड़क की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक के लिए अपनी यात्रा स्थगित रखें तथा बर्फ से ढकी व फिसलन भरी सड़कों पर वाहन चलाने का जोखिम न लें।
पुलिस प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लोग रवाना होने से पहले मौसम और मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें और जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।