स्वच्छ सर्वेक्षण में इंदौर के पिछड़ने पर शुरू हुआ मंथन, अंकों में बदलाव से लेकर विजिबल क्लीननेस तक सामने आए ये बड़े कारण

Share

- Advertisement -

Indore News: देश भर में स्वच्छता में नंबर वन की पहचान बनाने वाले इंदौर के इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछड़ने को लेकर चिंतन का दौर शुरू हो गया है। सर्वेक्षण के परिणामों की समीक्षा करने पर यह बात सामने आई है कि अंकों के पैटर्न में अंतिम समय में हुए बदलाव और जमीनी स्तर पर नवाचार की कमी इस पिछड़ेपन के प्रमुख कारण बने हैं।

जानकारी के मुताबिक, स्वच्छ सर्वेक्षण कुल 12,500 अंकों का होना था, लेकिन ऐन वक्त पर इसमें बदलाव करते हुए इसे 10,500 अंकों का कर दिया गया। इस प्रक्रिया में ‘वाटर प्लस’ और ‘गारबेज फ्री सिटी’ सर्वे के लिए निर्धारित दो हजार अंक हटा दिए गए, क्योंकि ये दोनों सर्वे करवाए ही नहीं जा सके। जानकारों का मानना है कि यदि ये दोनों सर्वे आयोजित होते, तो इंदौर को इनमें शत-प्रतिशत अंक मिलने का अनुमान था, जिससे रैंकिंग की तस्वीर अलग हो सकती थी।

नवाचार की कमी और औचक निरीक्षण में सड़कों पर मिला कचरा

इंदौर के पिछड़ने के पीछे अन्य महत्वपूर्ण कारणों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। समीक्षा में यह बात सामने आई है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में दस्तावेजीकरण के साथ-साथ नवाचार (इनोवेशन) का विशेष महत्व होता है, लेकिन पिछले कुछ समय से इंदौर शहर में स्वच्छता के क्षेत्र में कोई बड़ा नवाचार नहीं हुआ।

इसके अलावा, ‘विजिबल क्लीननेस’ (दृश्यमान स्वच्छता) श्रेणी में भी शहर का प्रदर्शन कमजोर रहा। बताया गया है कि जब सर्वे टीम ने शहर में दिखाई देने वाली स्वच्छता का आकलन करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया, तो कई इलाकों की सड़कों पर कचरा पड़ा हुआ मिला। इसका सीधा असर शहर के कुल अंकों पर पड़ा।

जन-जागरूकता और प्रयुक्त जल प्रबंधन में सुधार की जरूरत

समीक्षा के दौरान यह तथ्य भी उभर कर सामने आया है कि स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता के मोर्चे पर इस बार इंदौर का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं रहा। वहीं, प्रयुक्त जल प्रबंधन (वेस्ट वाटर मैनेजमेंट) को लेकर भी शहर में अभी काफी काम किए जाने की गुंजाइश महसूस की जा रही है। वर्तमान में शहर के प्रयुक्त जल का बगीचों और निर्माण कार्यों में शत-प्रतिशत उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिसे आने वाले समय में सुधारने की आवश्यकता जताई गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News