दिल्ली में वायु प्रदूषण से हालात गंभीर, चांदनी चौक में AQI 400 पहुंचा, JNU और DU नॉर्थ कैंपस की हवा भी जहरीली

Share

- Advertisement -

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 311 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। चांदनी चौक में एक्यूआई 400 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि जेएनयू और डीयू नॉर्थ कैंपस में भी हवा काफी जहरीली दर्ज की गई।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को भी वायु प्रदूषण से कोई खास राहत नहीं मिली। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) औसतन 300 से 350 के पार बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का औसत एक्यूआई 311 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में प्रदूषण का स्तर 380 से 400 के बीच पहुंच गया है।

राजधानी में चांदनी चौक सबसे प्रदूषित इलाका दर्ज किया गया, जहां सुबह 6 बजे एक्यूआई 400 पर पहुंच गया। वहीं, विश्वविद्यालय परिसरों की स्थिति भी काफी खराब रही। जहांगीरपुरी में जहां एक्यूआई 306 रिकॉर्ड हुआ, वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में प्रदूषण का स्तर 368 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 376 दर्ज किया गया। पिछले दिनों गंभीर श्रेणी में रहने वाले जहांगीरपुरी के मुकाबले जेएनयू और डीयू कैंपस की हवा अधिक टॉक्सिक पाई गई।

दिल्ली के प्रमुख निगरानी केंद्रों पर सुबह 6 बजे का एक्यूआई

सीपीसीबी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार राजधानी के अलग-अलग इलाकों में स्थिति इस प्रकार रही:

  • चांदनी चौक: 400
  • पूसा: 398
  • एनएसयूटी जाफरपुर: 384
  • कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज कॉम्प्लेक्स: 380
  • नॉर्थ कैंपस (डीयू): 376
  • सिरी फोर्ट: 375
  • जेएनयू: 368
  • पंजाबी बाग: 361
  • बवाना: 328
  • जहांगीरपुरी: 306
  • आईजीआई एयरपोर्ट: 290

एनसीआर के शहरों में भी हवा ‘बहुत खराब’

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के शहरों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गुरुग्राम में एक्यूआई 324, नोएडा में 317 और फरीदाबाद में 315 दर्ज किया गया, जो सभी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में हैं। हालांकि, गाजियाबाद में हवा की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जहां एक्यूआई 265 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी के अंतर्गत आता है।

5 नवंबर को ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गया था प्रदूषण

इससे पहले गुरुवार, 5 नवंबर की सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई थी, जब औसत एक्यूआई 482 रिकॉर्ड हुआ था। उस दौरान राजधानी के सात निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार चला गया था। उस दिन पंजाबी बाग 446 एक्यूआई के साथ सबसे अधिक प्रदूषित रहा था। इसके अलावा नरेला में 434, रोहिणी में 431, आरके पुरम में 416, बवाना में 412, डीयू नॉर्थ कैंपस में 408 और पटपड़गंज में 405 दर्ज किया गया था।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह

लगातार ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हवा को देखते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक इस जहरीली हवा के संपर्क में रहने से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से दमा या खांसी जैसी श्वसन समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और विशेष एहतियात बरतने को कहा गया है।

Read more

Related News