Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की उपतहसील भराड़ी के अंतर्गत डंगार कस्बे में एक बेसहारा बैल के हमले में बुजुर्ग महिला परसीनो देवी की मौत हो गई। घर के पास अचानक हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंगार निवासी बुजुर्ग महिला परसीनो देवी बीते बुधवार को अपने घर के समीप मौजूद थीं। इसी दौरान वहां घूम रहे एक बेसहारा बैल ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बैल ने महिला को अपने सींगों पर उठाकर इतनी जोर से जमीन पर पटका कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय महिलाओं ने साहस दिखाकर खदेड़ा बैल
हमले के वक्त मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बैल को वहां से खदेड़ा, लेकिन तब तक परसीनो देवी बुरी तरह लहूलुहान हो चुकी थीं। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालांकि, बैल के हमले में पेट, बाजू और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों में आई गंभीर चोटों के कारण महिला ने दम तोड़ दिया। इस दुखद हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पंचायत के प्रस्ताव के बावजूद खाली हाथ लौटी थी विभाग की टीम
डंगार व्यापार मंडल के प्रधान संदीप जसवाल ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की समस्या लंबे समय से गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय पंचायत ने बाकायदा एक प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भेजा था।
कुछ समय पहले विभाग की एक टीम आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए इलाके में आई भी थी, लेकिन बिना किसी सफलता के खाली हाथ लौट गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने उस समय तत्परता दिखाते हुए इन आक्रामक बैलों को पकड़ लिया होता, तो आज परसीनो देवी की जान बच सकती थी।
बेसहारा पशुओं को गोशाला भेजने की मांग
फिलहाल इस घटना के संबंध में पुलिस में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। हालांकि, इस हादसे ने हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं के बढ़ते खतरे पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य निर्दोष व्यक्ति को अपनी जान न गंवानी पड़े।