Bengaluru News: कर्नाटक के पश्चिमी घाट से गुजरने वाली नारंगी रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को हरी झंडी दिखाएंगे। यशवंतपुर से गोवा के मडगांव तक चलने वाली यह 8 कोच वाली ट्रेन 850 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड के बीच 57 सुरंगों व 258 पुलों से गुजरेगी।
कर्नाटक के पश्चिमी घाट के घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों और धुंध के बीच से गुजरने वाली नारंगी रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही नियमित रूप से पटरियों पर दौड़ती नजर आएगी। पहाड़ी रास्तों पर घुमावदार ट्रैक से गुजरते समय ट्रेन के आकर्षक दृश्य के कारण इसे सोशल मीडिया पर ‘ऑरेंज स्नेक’ कहा जा रहा है। हाल ही में बेंगलुरु के सकलेशपुर से सुब्रह्मण्य रोड के बीच स्थित शिराडी घाट सेक्शन से इस ट्रेन का एक ड्रोन वीडियो सामने आया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 नवंबर को बेंगलुरु से गोवा के मडगांव के बीच चलने वाली इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे। यह ट्रेन यशवंतपुर (बेंगलुरु) से रवाना होकर मंगलुरु के रास्ते गोवा के मडगांव तक का सफर तय करेगी। करीब 850 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग के शुरू होने से बेंगलुरु, कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
57 सुरंगों और 258 पुलों से होकर गुजरेगा सफर
इस यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण पश्चिमी घाट का प्राकृतिक पहाड़ी मार्ग होगा। सकलेशपुर से सुब्रह्मण्य रोड के बीच लगभग 55 किलोमीटर लंबा घाट सेक्शन पड़ता है। इस पूरे खंड में ट्रेन 57 सुरंगों और 258 पुलों से होकर घने जंगलों तथा पहाड़ियों के बीच से गुजरेगी। यह 8 कोच वाली चेयर कार ट्रेन होगी, जिसमें यात्रियों के सफर के लिए दो श्रेणियों की सीटें उपलब्ध रहेंगी।
यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत की समय-सारणी
समय-सारणी के अनुसार, यशवंतपुर से मडगांव जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 7:35 बजे यशवंतपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 3:05 बजे मंगलुरु जंक्शन पहुंचेगी और फिर वहां से आगे बढ़कर रात 8:55 बजे मडगांव पहुंचेगी।
वापसी दिशा में यह ट्रेन मडगांव से सुबह 8:20 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद दोपहर 1:50 बजे मंगलुरु जंक्शन और रात 9:15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
सप्ताह में छह दिन होगा संचालन
यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन सप्ताह में छह दिन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के तहत यशवंतपुर से बुधवार और मडगांव से गुरुवार को इस ट्रेन की सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस सेवा के शुरू होने से बेंगलुरु, हासन, मंगलुरु, उडुपी, कारवार और गोवा के यात्रियों का सफर सुगम होगा, साथ ही यात्रियों को पश्चिमी घाट के मनोरम दृश्यों का अनुभव भी मिलेगा।