London News: एनएचएस इंग्लैंड की चेयरपर्सन डॉ. पेनी डैश ने भारत के तेजी से बदलते हेल्थकेयर सिस्टम की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को भारत की स्वास्थ्य प्रणाली से बहुत कुछ सीखना चाहिए। डॉ. डैश के अनुसार, भारत जल्द ही वैश्विक मानक स्थापित करेगा, जिसे भविष्य में बाकी देश भी अपनाना चाहेंगे।
एक पॉडकास्ट चर्चा में भाग लेते हुए डॉ. पेनी डैश ने कहा कि भारत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में असाधारण काम कर रहा है। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत में तकनीक का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए बेहद गंभीर प्रयासों के साथ किया जा रहा है, जो दुनिया के लिए प्रेरणा है।
तकनीक के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं तक सबकी आसान पहुंच
डैश ने कहा कि अमेरिका में भी कुछ अच्छा काम हो रहा है, लेकिन भारत स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक का जैसा उपयोग कर रहा है, उसकी हम सिर्फ कल्पना ही कर सकते हैं। भारत में टेक कंपनियों के संस्थापक, अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर मिलकर तकनीक के जरिए बड़ी आबादी को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल उपलब्ध करा रहे हैं।
डॉ. डैश का यह बयान ऐसे समय आया है जब ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा बढ़ती बुजुर्ग आबादी को संभालने के लिए डिजिटाइजेशन पर ध्यान दे रही है। भारत ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के जरिए दुनिया का विशाल डिजिटल हेल्थ ढांचा खड़ा किया है, जबकि ई-संजीवनी के जरिए करोड़ों ऑनलाइन परामर्श संभव हुए हैं।