Paonta Sahib News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नेशनल हाईवे 707 पर नारीवाला के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 36 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कर्मी पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने मासूम बच्चे को दूध पिलाने घर जा रही थीं।
मृतक पूनम अजौली गांव की निवासी थीं और कुंडियों स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थीं। छह महीने की मैटरनिटी लीव के बाद उन्होंने दो दिन पहले ही ड्यूटी जॉइन की थी। दोपहर के समय वह छह महीने के बच्चे के लिए घर लौट रही थीं। इसी दौरान उत्तराखंड नंबर की अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद पुलिस ने चालक पर दर्ज किया केस
घटना की जानकारी मिलते ही पुरुवाला थाना पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। सिरमौर के एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूनम के अचानक निधन से उनके तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। इनमें दो बेटियां और छह महीने का एक बेटा शामिल है। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही अजौली गांव और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक फैल गया। परिजन गहरे सदमे में हैं।